
कोरबा | उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बगबुड़ा निवासी किसान परदेशी राम कंवर (51), पिता मानसाय कंवर, ने तीन दिन पहले कीटनाशक का सेवन कर लिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में गुरुवार को भैंसमा तहसीलदार लीलाधर ध्रुव और राजस्व टीम ने परिजनों के बयान दर्ज किए।
मृतक की पत्नी ननकी नोनी बाई के अनुसार, परदेशी राम करीब तीन एकड़ में धान की खेती अकेले करते थे और खेती के बोझ से परेशान रहते थे। सहकारी समिति के प्रबंधक तुलेश्वर कौशिक ने बताया कि किसान ने खाद-बीज के लिए कर्ज लिया था, जिसे वह हर साल धान बेचकर चुका देता था। सरपंच दशरथ सिंह ने उसे अच्छा किसान बताया। फिलहाल आत्महत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



