
कोरबा | त्योहारी सीजन के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को मिठाई दुकानों में जांच अभियान चलाया। रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स की जांच में रसोई और भंडारण कक्ष में गंदगी मिली। यहां करीब 75 किलो खराब मिठाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सुधार होने तक दुकान को सील कर दिया गया।
वहीं, मिलावटी खाद्य पदार्थों की शिकायत पर पावर हाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता पर संदेह होने पर खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
सफाई और स्वास्थ्य जांच में लापरवाही
जांच अभियान के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की कमी के साथ कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराए जाने की बात भी सामने आई। विभाग होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई और किराना दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान चला रहा है।



