उफनते दादर नाले में स्कॉर्पियो उतारने वाले युवा कांग्रेस नेता पर FIR, शराब के नशे में ड्राइविंग का भी आरोप

कोरबा | भारी बारिश के बाद उफनते दादर नाले को पार करने की कोशिश करना युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप को भारी पड़ गया। दोनों स्कॉर्पियो से नाला पार करने पहुंचे थे, लेकिन तेज बहाव के बीच वाहन अनियंत्रित होकर बहने लगा और देखते ही देखते आधे से ज्यादा पानी में डूब गया।‎‎

बताया गया कि स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को नाला पार करने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने वाहन आगे बढ़ा दिया। नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव की चपेट में स्कॉर्पियो आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।‎‎

पुलिस ने किया अल्कोहल मीटर से परीक्षण

‎घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई। मामले में BNS की धारा 283 और MV Act की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में MV Act की धारा 185 के तहत भी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो जब्त की गई है।‎‎

पुलिस की अपील: उफनते नाले और नदी पार करने का जोखिम न लें

‎पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नाले-नालियों और नदी को पार करने का जोखिम न लें। तेज बहाव में वाहन कुछ ही सेकंड में नियंत्रण से बाहर हो सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।‎‎

सवाल यही है: जब स्थानीय लोग रोक रहे थे, तो फिर उफनते नाले में गाड़ी उतारने की ऐसी क्या जल्दी थी?‎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *