कार्रवाई बेअसर या निगरानी कमजोर? सीतामढ़ी घाट में फिर दिखा दर्जनों वाहनों का जमावड़ा, प्रशासन की कार्रवाई को चुनौती?, सीतामढ़ी घाट से फिर उठे सवाल!

कोरबा | सीतामढ़ी रेत घाट में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई के बाद भी हालात पूरी तरह बदलते नजर नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को 9 वाहनों की जब्ती के बाद रविवार सुबह से फिर दर्जनों वाहनों के नदी में उतरने का वीडियो सामने आया है।

वीडियो में सीतामढ़ी क्षेत्र के हसदेव नदी में बड़ी संख्या में वाहन नदी के भीतर नजर आ रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब क्षेत्र में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध है और एक दिन पहले ही खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 9 वाहन जब्त किए थे, तो आखिर इसके बाद भी इतनी बड़ी संख्या में वाहन नदी तक कैसे पहुंच गए?

‎कार्रवाई के ठीक बाद दोबारा इस तरह का नजारा सामने आने से प्रशासन और खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्या कार्रवाई का असर केवल जब्ती तक सीमित रह गया है या प्रतिबंधित क्षेत्र में लगातार निगरानी की कोई ठोस व्यवस्था भी है?

‎सीतामढ़ी रेत घाट का यह वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। जरूरत है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच हो और यदि प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन या परिवहन पाया जाता है तो संबंधित वाहनों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

‎प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि लगातार निगरानी और सख्त प्रवर्तन की भी आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!