
कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास चलती मालगाड़ी के इंजन पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इस घटना में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान कोयला लोड करने जा रहे थे। इसी दौरान दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक पथराव किया गया। पत्थर लगने से इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया और लोको पायलट के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद मालगाड़ी को रोकना पड़ा और घायल लोको पायलट को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे कर्मचारियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
दीपका पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।



