अस्पताल से लापता नवप्रसूता की फंदे पर मिली लाश, जांच में जुटी कटघोरा पुलिस

कोरबा | कटघोरा थाना क्षेत्र में एक नवप्रसूता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रसव के बाद निजी अस्पताल में भर्ती महिला 14 सितंबर की शाम अचानक अस्पताल से लापता हो गई थी। परिजन और अस्पताल प्रबंधन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच अस्पताल से करीब 100 से 150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच महिला फंदे पर लटकी मिली। मृतका की पहचान कांता केवट के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, कटघोरा क्षेत्र की रहने वाली कांता केवट को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि करीब छह दिन पहले उसने ऑपरेशन से एक बच्चे को जन्म दिया था। नवजात की हालत गंभीर होने के कारण उसे ICU में भर्ती बताया गया है।

इसी बीच 14 सितंबर की शाम करीब 7 बजे कांता अस्पताल से बिना किसी को बताए निकल गई। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने महिला की तस्वीर और जानकारी सार्वजनिक करते हुए लोगों से उसके संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल संपर्क करने की अपील भी की थी।

तलाश के दौरान मंगलवार दोपहर अस्पताल के पिछले हिस्से से करीब 100 से 150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच महिला के फंदे पर लटके होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने उसकी पहचान कांता केवट के रूप में की।

घटना की सूचना मिलने के बाद कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने स्वयं यह कदम उठाया अथवा घटना के पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी। मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद मृतका के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, नवजात के ICU में भर्ती होने के बीच मां की मौत की घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!