जादू-टोना के शक में चाचा की हत्या, आरोपी और उसकी दादी गिरफ्तार


कोरबा | पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम पनगवां में जादू-टोना के संदेह में एक युवक द्वारा अपने ही चाचा की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने उसकी 65 वर्षीय दादी को भी हत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। आरोपी दुर्गेश कुरूम (28 वर्ष) के परिवार में कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां चल रही थीं। इलाज के बावजूद राहत नहीं मिलने पर आरोपी को अपने चाचा गुलाब सिंह (55 वर्ष) पर जादू-टोना करने का संदेह था।

बताया गया कि इसी संदेह को लेकर आरोपी ने गुलाब सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने तलाश के बाद रविवार सुबह आरोपी दुर्गेश कुरूम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की दादी इतवरिया बाई (65 वर्ष) की भूमिका की भी जांच की गई, जिसके बाद उन्हें कथित रूप से उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!