
कोरबा | मानिकपुर क्षेत्र में तिवारी फार्म के पास संचालित बालक आश्रय गृह (खुला) से दो नाबालिग बालक लापता हो गए हैं। मामले में मानिकपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 137(2) के तहत सूचना दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आश्रय गृह के सामाजिक कार्यकर्ता देवी प्रसाद देवांगन ने पुलिस को बताया कि वहां 10 वर्षीय सोम सतनामी, पिता संतोष दास, निवासी रामसागर पारा और 13 वर्षीय अनिक बिंझवार, पिता मोनू बिंझवार, निवासी गाड़ाघाट कोरबा रह रहे थे।
बताया गया कि 15 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे दोनों बालक कपड़े सुखाने के लिए आश्रय गृह की छत पर गए थे। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। आश्रय गृह और आसपास के क्षेत्रों में तलाश के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत में आशंका जताई गई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दोनों बालकों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है। हालांकि, बालकों के लापता होने की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों बालकों की तलाश शुरू कर दी है।



