
दीपका | थाना क्षेत्र में इनोवा सवार युवकों को रोककर मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिरकी बधारपानी निवासी शिव ओम प्रकाश उरें (24) इनोवा वाहन क्रमांक सीजी 13 एएल 1100 चलाता है। 22 सितंबर की रात वह मड़वारानी से बुकिंग लेकर अपने दोस्त अमन चौहान और गौरव शर्मा के साथ झाबर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में विवाद के बाद आरोपियों ने वाहन रुकवा लिया और युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद चाकू से हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने पर दीपका पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान हंसराज जांगड़े, इलियाज कुजूर उर्फ पुक्की और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने हंसराज जांगड़े और इलियाज कुजूर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।



