
कोरबा | पुराने विवाद में गवाही देने और शिकायत वापस नहीं लेने पर मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रामसागरपारा निवासी अशोक राजपूत ने गुलाम मोहम्मद और उसके आदमी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
शिकायत के अनुसार, अशोक राजपूत ने बताया कि 22 सितंबर 2026 को गुलाम मोहम्मद द्वारा रवि साहू की माता सुनीता साहू के साथ किए गए गाली-गलौज के मामले में वह गवाह था। इसी विवाद को लेकर उसे शिकायत वापस लेने और गवाही से पीछे हटने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप है।
अशोक राजपूत का आरोप है कि 23 सितंबर को जब वह खाना खाने जा रहे थे, तभी रास्ते में गुलाम मोहम्मद के आदमी ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें पूर्व विवाद में गवाही वापस लेने के लिए कहा गया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
फोन पर गुलाम मोहम्मद द्वारा गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान फोन पर गुलाम मोहम्मद से भी बात कराई गई। आरोप है कि गुलाम मोहम्मद ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें दोबारा धमकाया गया, जिससे अशोक राजपूत और उनके परिवार में भय एवं असुरक्षा का माहौल है।
अशोक राजपूत ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मारपीट और धमकी देने के आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही पूर्व शिकायत वापस लेने के लिए बनाए जा रहे दबाव की भी जांच करने का अनुरोध किया है।
फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।



