
कोरबा | उरगा थाना क्षेत्र के पाताढ़ी स्थित अदाणी पावर प्लांट के गेट नंबर-1 के सामने बुधवार रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जुनवानी निवासी मनोज कुमार कैवर्त के रूप में बताई जा रही है, जो अदाणी पावर प्लांट में कर्मचारी थे।
ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार प्लांट के गेट नंबर-1 के सामने थे, इसी दौरान एक ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में शामिल ट्रेलर का क्रमांक CG 10 BO 0492 बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे के बाद मौके पर चक्काजाम की स्थिति बनने की भी जानकारी सामने आई है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों, मृतक की पहचान, ट्रेलर चालक की स्थिति तथा हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
नोट: यह प्रारंभिक जानकारी ग्रामीणों एवं स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचना के आधार पर है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि एवं जांच के बाद खबर को आवश्यकतानुसार अपडेट किया जाएगा।


