दीपका खदान में हादसा, श्रमिक की मौत

कोरबा | एसईसीएल की दीपका खदान में निजी कंपनी कलिंगा के कार्यक्षेत्र में बुधवार रात हुए हादसे में 45 वर्षीय श्रमिक आनंद सिंह की मौत हो गई। खदान के व्यू पॉइंट के पास ड्यूटी के दौरान वह भारी वॉल्वो वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत गंभीर हो गई।

घायल आनंद सिंह को तत्काल न्यू कोरबा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार तड़के करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक मूलतः जशपुर जिले का निवासी था और वर्तमान में हरदीबाजार में रह रहा था।

घटना की जांच के लिए गुरुवार को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (DGMS) की टीम बिलासपुर से दीपका खदान पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद खदान में सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर सवाल उठे हैं।

कलिंगा कंपनी के एचआर हेड विकास दुबे ने बताया कि नियमानुसार मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा। परिजनों को इसका लिखित आश्वासन भी दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!