
कोरबा | नगर निगम की सड़क निर्माण की गुणवत्ता और लागत को लेकर सवाल उठाने वाले युवा पत्रकार एवं कोरबा प्रेस क्लब के नवनियुक्त सदस्य कन्हैया सोनी के खिलाफ निगम की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि उन्होंने पावर हाउस रोड पर सड़क निर्माण से जुड़ी जानकारी मांगने वाला बोर्ड लगाया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
वहीं, 1 नवंबर को भाजपा नेताओं और पार्षदों ने रैली निकालकर कोतवाली पहुंच ज्ञापन सौंपा और कन्हैया सोनी की गिरफ्तारी सहित कड़ी कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, कन्हैया सोनी ने इसे जनता के सवाल उठाने पर उनकी आवाज दबाने की कोशिश बताया है।



