
कोरबा | मोबाइल पर रील देखने को लेकर भाई-बहन के बीच हुए विवाद ने दुखद रूप ले लिया। बच्चों को झगड़ते देख मां ने मोबाइल छीनकर रख दिया। इससे नाराज 17 वर्षीय किशोरी ने घर के कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना शनिवार रात अयोध्यापुरी की है। मृतका सानिया 12वीं कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में होनहार बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, मोबाइल देखने को लेकर भाई-बहन के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच बहस हुई। मां ने मोबाइल छीनकर रख दिया, जिसके बाद किशोरी नाराज होकर कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर बेसुध मिली। परिजन उसे तत्काल नीचे लेकर आए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया। मामले की जांच की जा रही है।



