
कोरबा | कोरबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत धनगांव के आश्रित गांव नेवारटिकरा, पोड़ीखोहा और डोंगाघाट में अवैध महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
स्व सहायता समूह की अध्यक्ष धर्मिन बाई और सचिव सुनीता ने बताया कि गांवों में खुलेआम शराब बिकने से माहौल खराब हो रहा है। आए दिन गाली-गलौज और विवाद होते हैं। बच्चों और महिलाओं में भी शराब की लत बढ़ रही है, वहीं छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बालको थाना और आबकारी विभाग में कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पास ही स्थित कोशगाई देवी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को भी शराबियों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।



