
कोरबा | रजगामार क्षेत्र में मासूम बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने शासन-प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और शराब नीति पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह ठाकुर को सौंपा।
पार्टी के जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे ने क्षेत्रीय विधायक एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन और सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है। जिला सचिव महावीर यादव ने शराब दुकानों के विस्तार और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नशे पर नियंत्रण तथा शिक्षा में सुधार की मांग की। प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र प्रसाद (सोनू) राठौर ने अपराधों पर अंकुश लगाने में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, वहीं महिला विंग अध्यक्ष चंचल महंत ने बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पार्टी ने बताया कि 19 अक्टूबर को रजगामार क्षेत्र से लापता हुई 6-7 वर्षीय बालिका का शव 22 अक्टूबर को बरामद हुआ था। नेताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाने और अनाचार व हत्या की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने दशहरा पर्व के दौरान मुढ़ापार में राहुल उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर हुई हत्या का मुद्दा उठाते हुए जिले में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने नई शराब दुकानों के विस्तार पर रोक, अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी।
इस दौरान महासचिव बादल दुबे, जिला संगठन मंत्री सुरेश पटेल, जिला मंत्री देव हंस, जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, शहर अध्यक्ष हरि चौहान, जेसीपी सदस्य कला महंत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि मासूम बालिका को न्याय दिलाने और जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर वह अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।



