
कोरबा | पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नुनेरा गांव की एक ही बस्ती में रहने वाली 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना शुक्रवार को अलगू तालाब पहुंची थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तालाब में नहाने के दौरान तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर पाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में बच्चियों की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान तीनों बच्चियों के शव तालाब से बरामद किए गए।
हादसे की खबर गांव में फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत से गांव का माहौल गमगीन है।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



