राजगामार में चर्च में प्रार्थना के दौरान हंगामा और मारपीट का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

कोरबा | जिले के राजगामार क्षेत्र के ओमपुर स्थित चर्च में रविवार को प्रार्थना सभा के दौरान हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान प्रवीण राठौर, मयंक और यश दास नामक तीन व्यक्ति वहां पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रार्थना के दौरान आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में महिलाओं और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट तथा कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान भीड़ एकत्रित हो गई और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, राजगामार ओमपुर क्षेत्र में पिछले 26 वर्षों से रविवार को नियमित रूप से शांति पूर्वक प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

मामले में राजगामार पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 324 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!