9 वर्षीय बेटी से मारपीट, प्रताड़ना और गलत तरीके से छूने का आरोप, मां ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

कोरबा | जिले में एक महिला ने अपनी 9 वर्षीय बेटी के साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और गलत तरीके से छूने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता ज्योति महंत के अनुसार, वैवाहिक विवाद के चलते वह अपने पति से अलग रह रही थीं। इस दौरान उनकी बेटी को पति के बड़े भाई के घर पर रखा गया था, जहां वह परिवार के अन्य सदस्यों के संपर्क में रहती थी। महिला का आरोप है कि बेटी के साथ उसकी बड़ी मां और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा मारपीट की जाती थी। कचरे का डिब्बा हटाने जैसी मामूली बात पर मारपीट से बच्ची के माथे में चोट भी आई थी।

महिला ने शिकायत में बच्ची से जबरन घरेलू काम कराने, गंदे पानी से नहलाने, अपमानजनक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। सबसे गंभीर आरोप बच्ची के बड़े पिताजी द्वारा कथित रूप से अनुचित तरीके से छूने का है। महिला के मुताबिक, बच्ची ने स्वयं उसे इन घटनाओं की जानकारी दी है।

शिकायत में महिला ने पॉक्सो एक्ट 2012 और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामले की जांच करने, बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने तथा महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से सुरक्षित वातावरण में बयान दर्ज कराने की मांग की है। इसके अलावा आरोपियों से बच्ची को सुरक्षा दिलाने और मामले में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल कल्याण समिति की सहायता लेने का भी अनुरोध किया गया है।

महिला ने 16 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कोरबा को आवेदन सौंपकर न्याय और अपनी नाबालिग बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!