चांपा में पुलिस हिरासत में युवक की मौत: TI समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन अटैच


जांजगीर-चांपा | चांपा में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद मामला गरमा गया है। आबकारी मामले में हिरासत में लिए गए शिव सहिस उर्फ गुल्लू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मौत की खबर के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव किया। मृतक की पत्नी बच्चों के साथ थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गई। परिवार ने 50 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और बच्चों की शिक्षा व भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। इससे पहले आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित किया जा चुका है। चांपा थाने की जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत के दौरान शिव की तबीयत बिगड़ी थी और मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई थी। वहीं परिजनों ने हिरासत में मारपीट का आरोप लगाया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले में मजिस्ट्रियल जांच की जानकारी भी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *