अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का मामला: एनटीपीसी जमनीपाली पर ₹15 लाख की कार्रवाई

कोरबा | छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने अवैध फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मंडल द्वारा मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली (कोरबा) पर ₹15 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।‎

क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्न सोनकर ने बताया कि कार्यालय को दूरभाष के माध्यम से अवैध रूप से राखड़ डंप किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर 09 सितंबर 2026 की रात रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास, गुप्ता होटल के समीप स्थित भूमि पर कार्रवाई की गई।

‎जांच के दौरान वहां फ्लाई ऐश डंप कर रहे वाहनों को पकड़ा गया। जांच में यह सामने आया कि संबंधित वाहन एनटीपीसी जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड कर उक्त स्थल पर खाली कर रहे थे।

‎मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी ने तत्काल एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। स्थल पर पाई गई राखड़ की मात्रा के आधार पर ₹15 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित करने का आदेश जारी किया गया है।‎

पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से राखड़ डंपिंग करने वाले वाहनों एवं संस्थानों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।‎

अब सवाल यह है कि धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लेकर निकले वाहनों की निगरानी व्यवस्था में आखिर चूक कहां हुई और अवैध स्थल तक पहुंचने के लिए जिम्मेदार कौन है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *