उरगा मुख्य मार्ग पर हाइड्रा चालक की मौत: वाहन के नीचे मिला शव

दूसरे वाहन की टक्कर की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा जिले के उरगा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक हाइड्रा वाहन चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव हाइड्रा वाहन के नीचे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय सोनू यादव, निवासी नगरदा, जिला शक्ति के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनू पिछले करीब तीन वर्षों से एक निजी कंपनी में हाइड्रा वाहन चालक के रूप में काम कर रहा था। वह हर दो-तीन दिन में अपने घर आता-जाता था।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार को सोनू के बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था। वह अपने भतीजे के लिए केक लेकर घर जाने वाला था। उसने फोन पर परिवार से बात कर जन्मदिन में पहुंचने की बात भी कही थी। लेकिन निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, जिसका कोई जवाब नहीं मिला।

इसी दौरान उरगा मुख्य मार्ग पर हाइड्रा वाहन खड़ा मिला और सोनू यादव उसके नीचे पड़ा हुआ था। राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखा गया।

बुधवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सोनू की मौत किसी दूसरे वाहन की टक्कर से हुई या हाइड्रा वाहन से ही कोई दुर्घटना हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना के कारणों और संभावित दूसरे वाहन की भूमिका की जांच कर रही है।

सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!