
कोरबा | कोरबा निवासी ज्योति महंत ने अपने पुत्र अनिरुद्ध महंत की स्कूल की टीसी एवं अंकसूची उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने संबंधित स्कूल प्रबंधन पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।
ज्योति महंत के अनुसार, उनके पुत्र अनिरुद्ध महंत ने आर्यन इंग्लिश स्कूल, पाली रोड, दीपका में अध्ययन किया है। अब उसे आगामी शैक्षणिक सत्र में कक्षा पांचवीं में प्रवेश दिलाया जाना है। इसके लिए पूर्व विद्यालय की चौथी कक्षा की अंकसूची (मार्कशीट) एवं स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) की आवश्यकता है।
आवेदन में बताया गया है कि दस्तावेज प्राप्त करने के लिए जब वह स्कूल गईं, तो विद्यालय संचालक/प्राचार्य की ओर से बकाया फीस जमा करने की बात कही गई। ज्योति महंत ने आवेदन में कहा है कि वह स्कूल के नियमानुसार फीस की पूरी राशि जमा करने के लिए तैयार हैं, इसके बावजूद उनके पुत्र की टीसी एवं अंकसूची उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अनिरुद्ध वर्तमान में उनके साथ रह रहा है और समय पर आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने की स्थिति में उसकी अगली कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।
ज्योति महंत ने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विद्यालय को उनके पुत्र की चौथी कक्षा की अंकसूची एवं टीसी तत्काल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है, ताकि अनिरुद्ध समय पर कक्षा पांचवीं में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई जारी रख सके।



