पेड़ से फंदे पर मिले युवक-युवती के शव, गांव में मचा हड़कंप

कोरबा | लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में 18 सितंबर की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव एक ही स्थान पर पेड़ से फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम अरेतरा निवासी मुकेश यादव और पुनीता मझवार के रूप में हुई है। दोनों के शव एक ही पेड़ से फंदे पर लटके मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में दोनों की मौत हुई।

इधर, गांव में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा सामने आ रही है। ग्रामीणों के बीच यह भी बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई अंतिम पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, वहीं एक ही घटना में युवक-युवती की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!