रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रेलर की ठोकर से युवक की मौत, मां का इकलौता सहारा छिना

कोरबा | उरगा-चांपा मुख्य मार्ग पर पताढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर तेज रफ्तार ट्रेलर की ठोकर से स्कूटी सवार 23 वर्षीय निखिल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वह काम से घर लौट रहा था। दुखद पहलू यह है कि निखिल अपनी विधवा मां का इकलौता सहारा था। मां रोजी-रोटी के लिए बेंगलुरु में काम कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पताढ़ी निवासी निखिल पटेल अडानी पावर प्लांट की एक ठेका कंपनी में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह स्कूटी क्रमांक CG 11 BE 8704 से घर लौट रहा था। इसी दौरान पताढ़ी रेलवे ओवरब्रिज पर पीछे से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10 BZ 7339 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में निखिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही बेंगलुरु में काम कर रही निखिल की मां नर्मदा पटेल को सूचना दी गई। वह कोरबा के लिए रवाना हो गई है।इधर, अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!