शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो घर में की तोड़फोड़, कुछ घंटे बाद फांसी पर लटका मिला 22 वर्षीय युवक

‎‎कोरबा | मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कदमहाखार बस्ती में शनिवार शाम 22 वर्षीय अमित कुजूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, अमित शराब के नशे में घर पहुंचा था और पैसे नहीं देने पर घर में तोड़फोड़ की थी। घटना के कुछ घंटे बाद उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला।‎‎

मृतक की पहचान अमित कुजूर, पिता भूषण कुजूर (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि शराब के लिए पैसे मांगने पर माता-पिता के मना करने से वह विवाद करने लगा और वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन समेत घरेलू सामान तोड़ दिए। परेशान होकर परिजन मानिकपुर चौकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।‎

सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमित को समझाने की कोशिश की। उस समय उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। बाद में पुलिस लौट गई। रात करीब 8 बजे परिजन घर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। पड़ोस के युवक की मदद से दरवाजा खुलवाया गया, जहां अमित फांसी पर लटका मिला।‎

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और नशे की लत को संभावित कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!