
दशहरा के दिन रजगामार के रावण मैदान में हुई घटना; परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भाजपा नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़, अश्लील हरकत और मारपीट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन रजगामार स्थित रावण मैदान में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी की गई और उसका दुपट्टा खींचा गया।
बताया गया है कि छात्रा ने घटना की जानकारी अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद जब वह अपने भाई के साथ आरोपियों से बात करने पहुंची, तो वहां कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। शिकायत में तीनों आरोपियों पर छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया गया है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद वे शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी और थाने पहुंचे, लेकिन शुरुआती स्तर पर उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोरबा एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, नाबालिग की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अनिल चौरसिया भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।


