रेत विवाद पर खूनी संघर्ष: सोहेब अहमद और दीपक सिंह सहित दोनों पक्षों के 10 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

कोरबा | बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर रेत खाली कराने की बात को लेकर दो गुटों के बीच आधी रात को जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, बेल्ट और कड़े से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए।

मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने हत्या के प्रयास, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 2 और 3 नवंबर की दरम्यानी रात ट्रैक्टर से रेत खाली कराने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी एवं सिविल लाइन रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा और चमड़े का बेल्ट भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रथम पक्ष के यशवंत कश्यप उर्फ लक्की, विक्रम कश्यप और संतोष चंद्रा शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से दीपक सिंह, सोहेब अहमद, गौरीलाल चौहान, पुरनदास महंत, आदित्य सिंघानिया, राजेन उर्फ राजेन्द्र दास और यश पाटले को गिरफ्तार किया गया है। सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!