
कोरबा | जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एसआई प्रेमचंद साहू के खिलाफ जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस के आवेदन के अनुसार, भाजपा पदाधिकारियों के कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के दौरान पुलिस की भूमिका को लेकर आपत्ति जताई गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को कार्यालय तक पहुंचने दिया गया, जबकि विरोध के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर डराने-धमकाने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।

‘दो मिनट सुन लोगे तो क्या हो जाएगा?’ कहने का आरोप
शिकायत पत्र में कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि घटनाक्रम के दौरान एसआई प्रेमचंद साहू ने उनसे कहा, “दो मिनट सुन लोगे तो क्या हो जाएगा?” कांग्रेस ने इस कथित टिप्पणी और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पुलिस को निष्पक्षता के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए।
आवेदन में संबंधित पुलिसकर्मी के लिए टीआई शब्द का उल्लेख किया गया है, जबकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रेमचंद साहू का पद एसआई है। कांग्रेस ने संबंधित अधिकारी की भूमिका की जांच कराए जाने की मांग की है।
निष्पक्ष जांच की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों के बीच पुलिस की निष्पक्षता और जिम्मेदार कार्यप्रणाली जरूरी है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस की शिकायत पर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और संबंधित अधिकारी इस मामले में अपना क्या पक्ष रखते हैं।



