जमीन बंटवारे को लेकर विवाद, टांगिया से वार कर बुजुर्ग चाचा की हत्या

कोरबा | पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में संपत्ति विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान भतीजे ने अपने 85 वर्षीय चाचा के सिर पर टांगिया से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक बबन राम यादव (लगभग 85 वर्ष) सीपतपारा, पिपरिया के निवासी थे। बताया जा रहा है कि आज अलसुबह करीब 5:30 बजे जमीन के बंटवारे को लेकर उनका भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23 वर्ष), पिता राम प्रसाद यादव से विवाद हुआ।

विवाद के दौरान आरोपी द्वारा टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में संपत्ति विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!