
कोरबा | नगर निगम के वार्ड क्रमांक 14 अमरेयापारा के लोगों ने सोमवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे वार्डवासियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निगम कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अवैध निर्माण के कारण क्षेत्र की सड़क प्रभावित हो रही है। इस संबंध में निगम प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
वार्डवासियों के अनुसार नवधा पंडाल के पास मुख्य सार्वजनिक मार्ग पर मकान निर्माण चल रहा है, जिससे रास्ता बाधित हो रहा है। निर्माण के चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण के कारण नाली, सड़क और आम रास्ते की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
लोगों ने कहा कि स्कूल बस, एंबुलेंस और चार पहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। मामले को लेकर निगम प्रशासन से पहले शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता गया।
प्रदर्शनकारी निगम कार्यालय के मुख्य गेट के सामने ही सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में प्रदर्शनकारियों और निगम के अधिकारियों के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन को छत्तीसगढ़ पार्टी की ओर से भी समर्थन दिए जाने की बात सामने आई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी।



