नमाज के दौरान मस्जिद में बुजुर्ग पर हमला, बाइक के शॉक-अप पाइप से सिर पर किया वार

कटघोरा | छत्तीसगढ़ के कटघोरा नगर में मस्जिद के भीतर नमाज के दौरान एक बुजुर्ग पर कथित रूप से लोहे के पाइप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना वार्ड क्रमांक 8, शास्त्री नगर (पूछापारा) स्थित मक्का मस्जिद की बताई जा रही है।हमले में 55 वर्षीय महबूब आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, महबूब आलम मस्जिद में नमाज अदा कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही 33 वर्षीय माजिद हुसैन कथित तौर पर बाइक के शॉक-अप पाइप के साथ मस्जिद में पहुंचा और महबूब आलम के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल बुजुर्ग को बचाया।

हमले में महबूब आलम के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में करीब 12 टांके लगाए। हालत को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आरोपी के पूर्व व्यवहार को लेकर स्थानीय स्तर पर कुछ आरोप भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी माजिद हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और हमले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!