
कार मालिक से हुज्जतबाजी के बाद पहुंची पुलिस, एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई
कोरबा | नशे की हालत में वाहन चलाते हुए कुसमुंडा थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) अश्वनी वर्मा ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को एक के बाद एक दो बार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार मालिक द्वारा विरोध जताने पर एएसआई ने उसके साथ हुज्जतबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही पुलिस अधिकारियों ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
घटना शनिवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के नीचे मस्जिद के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस में पदस्थ एएसआई अश्वनी वर्मा की तैनाती कुसमुंडा थाने में है। वह देर रात ड्यूटी समाप्त कर कुसमुंडा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के नीचे मस्जिद के पास नशे की हालत में वाहन चलाते हुए उन्होंने सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मार दी।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर कार मालिक सहित आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। कार को नुकसान पहुंचने पर उन्होंने एएसआई से विरोध जताया। आरोप है कि इस पर एएसआई आक्रोशित हो गए और कार से उतरकर कार मालिक के साथ बहस करते हुए हुज्जतबाजी करने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाल प्रेमचंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एएसआई अश्वनी वर्मा के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि मामले को पुलिस के आला अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और एएसआई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की गई है।



