पसान में पुलिस हिरासत से स्थायी वारंटी फरार, बाथरूम जाने का बहाना बनाकर भागा आरोपी

कोरबा | पसान थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में लिया गया छेड़छाड़ के पुराने मामले का स्थायी वारंटी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही और मौका मिलते ही पुलिस की निगरानी से निकलकर भाग गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 265 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार फरार आरोपी की पहचान खीरचंद के रूप में बताई जा रही है। उसके खिलाफ पूर्व में युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत अपराध दर्ज था। लंबे समय से फरार रहने के कारण न्यायालय से उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।

कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के अनुसार, पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिलने के बाद टीम ने उसे हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।

आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिरासत से फरार होने के मामले में बीएनएस की धारा 265 के तहत अपराध दर्ज किया है। इस घटना के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था और हिरासत में रखे गए आरोपी की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस स्तर पर लापरवाही की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!