
कोरबा | बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी में पदस्थ एक आरक्षक पर वसूली का गंभीर आरोप सामने आया है। गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि सिविल ड्रेस में पहुंचे दो लोगों ने खुद को रजगामार चौकी का पुलिसकर्मी बताकर उसे रोक लिया और जेल भेजने की धमकी देकर 5 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहा था। इसी दौरान दोनों लोगों ने उसे रोककर बिना परमिट बांस ले जाने की बात कही। कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी से घबराए योगेंद्र ने ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपये उनके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। राशि मिलने के बाद दोनों ने उसे जाने दिया।

घटना के बाद योगेंद्र कुमार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की और संबंधित लोगों के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक के खिलाफ वसूली संबंधी शिकायत एसपी कार्यालय में प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े रिकॉर्ड समेत अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



