
कोरबा | कटघोरा के प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी धनेश्वरी रात्रे और सुपारी किलर तुषार सोनी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
मामला दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर का है। यहां जगजीवन रात्रे की घर में हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी धनेश्वरी ने 50 हजार रुपये की सुपारी देकर तुषार सोनी से टंगिया से वार करवाकर पति की हत्या कराई थी। इसके बाद आरोपी महिला ने उसे 6 हजार रुपये और सोने का हार भी दिया था।
मामले में मृतक की पुत्री प्रत्यक्षदर्शी गवाह थी। न्यायालय में उसकी गवाही और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों का अपराध सिद्ध हुआ। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जयकाकाल ने पैरवी की।



