
कोरबा | सीतामढ़ी क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। मौके से सामने आई तस्वीर में एक ट्रैक्टर रेत घाट की ओर से रेत लेकर निकलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार लगातार जारी है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रैक्टर को “राजा” नाम के एक व्यक्ति से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।
कोरबा जिले में पर्यावरण सुरक्षा और जलीय जीवों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए 10 जून से 15 अक्टूबर तक सभी रेत घाटों से रेत के उत्खनन और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ इसके बावजूद यदि सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत का उत्खनन और परिवहन जारी है, तो यह संबंधित विभागों की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है।
इससे पहले भी सीतामढ़ी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। खनिज विभाग द्वारा इस क्षेत्र में जांच अभियान चलाने की खबरें भी रही हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध गतिविधियां पूरी तरह नहीं रुकी हैं।
अब सवाल यह है कि प्रतिबंध के बावजूद रेत से भरे वाहन आखिर किसकी अनुमति से चल रहे हैं?
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग से मामले की जांच कर रेत के उत्खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।



