तालाब में मिला युवक का शव: पत्नी अस्पताल में भर्ती होने के बीच सामने आई मौत की खबर

कोरबा | पाली थाना क्षेत्र के नवकन्या तालाब में मंगलवार सुबह एक युवक का शव पानी में तैरता मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली।

पुलिस ने मोटरसाइकिल के आधार पर मृतक की पहचान संजय कुमार श्याम (34) के रूप में की है। बताया गया है कि मृतक लिटियाखार क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में हरदीबाजार में रह रहा था।

पत्नी के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान हादसा या आत्महत्या की आशंका

जानकारी के अनुसार, संजय की पत्नी प्रसव के लिए पाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी। डॉक्टरों ने बड़े ऑपरेशन की बात कही थी, जिसके चलते संजय आर्थिक और मानसिक तनाव में था। हालांकि, प्रसव के दौरान उसकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया था और परिवार में खुशी का माहौल था। इसी बीच संजय का शव तालाब में मिलने से परिवार में मातम छा गया।

पुलिस के मुताबिक, संजय की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि वह तालाब के पास गया होगा और किसी हादसे में पानी में गिर गया। वहीं, मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार, मृतक की पहचान हो चुकी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *