
कोरबा | बैंकॉक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को म्यांमार के KK Park में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने वाले गिरोह की महिला सदस्य को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दर्री निवासी पीड़िता को फेसबुक पर नौकरी का विज्ञापन दिखाकर बेंगलुरु के रास्ते थाईलैंड और फिर म्यांमार ले जाया गया था। वहां पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बनाया गया और ऑनलाइन ट्रेडिंग व निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।
भारतीय दूतावास की मदद से पीड़िता की सुरक्षित वापसी हुई। शिकायत पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 331/2026 दर्ज किया गया। विवेचना के बाद महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी स्नेहा भथलाल बडोले (35) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही है।



