कोरबा: 9 वर्षीय बालिका से लैंगिक अपराध के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाई

कोरबा | जिले में नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना के गंभीर मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय में पेश किया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला ने थाना सिविल लाइन रामपुर में अपनी 9 वर्षीय पुत्री के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 991/2026 दर्ज कर आरोपी संतोष दास महंत (36 वर्ष), निवासी अटल आवास खरमोरा, वार्ड क्रमांक 23, कोरबा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने जुटाए आवश्यक साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता एवं उसकी माता के बयान दर्ज किए गए। घटनास्थल अटल आवास खरमोरा का निरीक्षण किया गया तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में कराया गया।

इसके अलावा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित करने के लिए सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट, कोरबा की सहायता ली गई। पुलिस ने संबंधित गवाहों के बयान भी दर्ज किए।

25 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार

विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं पीड़िता के कथनों के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष दास महंत, पिता पिताम्बर दास महंत, उम्र 36 वर्ष, को 25 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई तथा आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उसे न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इन धाराओं में दर्ज है अपराध

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 296, 115(2), 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 10 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण या प्रताड़ना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान और गोपनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!