कोरबा में स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज: पीड़ितों की संख्या बढ़कर 19

‎कोरबा | जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज सामने आने के बाद जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है। राहत की बात यह है कि इनमें से 12 मरीज स्वस्थ होकर ठीक हो चुके हैं, जबकि 7 मरीजों का उपचार जारी है।

‎स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न अस्पतालों में मरीजों का इलाज चल रहा है। तीन नए मरीज मिलने के साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। संक्रमित मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।

‎कुल 19 मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड सहित विशेष जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संदिग्ध मरीजों की जांच कराई जा रही है।

‎स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण

‎चिकित्सकों के अनुसार तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार सिर दर्द, गले में खराश के साथ तेज खांसी, सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक थकान और बदन दर्द इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

‎स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि संक्रमित या संदिग्ध मरीज चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन में रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *