
कोरबा | पंपहाउस क्षेत्र स्थित The Eternal Gospel Church में रविवार को उस समय हंगामा मच गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता कथित अवैध धर्मांतरण के आरोपों को लेकर चर्च पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की, जिसके चलते कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस चर्च के पादरी सहित कुछ लोगों को हिरासत में लकर पूछताछ कर रही है।
हिंदू संगठन के अध्यक्ष राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि गौतम सिंह द्वारा पंपहाउस क्षेत्र में कब्जाई गई जमीन पर मकान बनाकर चर्च संचालित किया जा रहा है और यहां पिछले कई वर्षों से धर्मांतरण संबंधी गतिविधियां संचालित होने का आरोप है। उनका कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को शिकायत एवं आवेदन दिया जा चुका है।
राणा मुखर्जी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और कड़ी जांच कर कार्रवाई नहीं होने पर बजरंग दल द्वारा बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति शांत है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और पुलिस-प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।



