
कोरबा | पसान थाना क्षेत्र के दुलापुर काशिमुड़ा गांव में घर में रखी महुआ शराब पीने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई है।
बताया गया कि 29 सितंबर की शाम मनीष घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसने प्लास्टिक की बोतल में रखी महुआ शराब पी ली। कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ गई। परिजन उसे खड़गवां अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिरमिरी और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
करीब पांच दिनों तक उपचार के बाद सोमवार को मनीष ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मां फूलकुंवर के मुताबिक, शराब पीने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी।
चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. बी. कमलेश ने बताया कि छोटे बच्चों के लिए शराब की थोड़ी मात्रा भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है और अधिक मात्रा जानलेवा हो सकती है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



