
कोरबा | एसईसीएल की दीपका कॉलोनी स्थित एक आवासीय क्वार्टर में 45 वर्षीय चेतन कुमार सूर्या का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, कोरबा से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान चेतन कुमार सूर्या, पिता मोहित राम सूर्या के रूप में हुई है। वह पहले एक न्यूज पोर्टल से जुड़े हुए थे और वर्तमान में बेलटिकरी बस्ती में रहते थे। उनका शव एसईसीएल दीपका कॉलोनी के आवासीय क्वार्टर क्रमांक एमडी-526 में मिला। बताया जा रहा है कि यह क्वार्टर उनकी मां के नाम पर आवंटित था। उनकी मां नेहरू शताब्दी अस्पताल में पदस्थ थीं और सेवानिवृत्ति के बाद करीब तीन वर्ष पहले उनका निधन हो गया था।
पैसों को लेकर परेशान रहने की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता पैसों को लेकर परेशान रहते थे। हालांकि, यह उनकी मौत की वजह है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आर्थिक परेशानी समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



