मानिकपुर में फिर जमीन कब्जे का आरोप, मुख्य मार्ग से लगी भूमि पर मिट्टी-मलबा डालकर घेराबंदी

कोरबा | जिले के मानिकपुर क्षेत्र में जमीनों पर अवैध कब्जे का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला डीपरा पारा के समीप श्मशान घाट से दादर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का है, जहां सड़क से लगी जमीन पर मिट्टी और मलबा डालकर कब्जा किए जाने का आरोप सामने आया है। मौके की तस्वीर में कुछ लोग जमीन पर मिट्टी डालते नजर आ रहे हैं।
‎
‎स्थानीय लोगों का आरोप है कि मानिकपुर से दादर जाने वाले बाइपास मार्ग के आसपास भी कई स्थानों पर इसी तरह जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। लोगों के मुताबिक, पहले छोटे स्तर पर जमीन पर कब्जा कराया जाता है और बाद में उस पर अपना स्वामित्व जताकर ऊंचे दामों पर बेचने का खेल चलता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
‎
‎निगम और एसईसीएल प्रशासन की भूमिका पर निगाहें
‎
‎क्षेत्र में लगातार सामने आ रही कब्जे की शिकायतों के बीच अब नगर निगम प्रशासन और एसईसीएल के अतिक्रमण विभाग की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित जमीन के स्वामित्व और राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराई जाए। यदि सरकारी या सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में जमीनों पर कब्जे और उनकी अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!