स्कूटी से पहुंचे चोर, जेवर समेत 1 लाख से अधिक का माल समेटा; ग्रामीणों के शोर मचाने पर वाहन छोड़कर भागे

उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा गांव में शनिवार रात चोरों ने नगर सैनिक दिलीप रात्रे के सूने मकान को निशाना बनाया। दिलीप कार्य के सिलसिले में बाहर थे, जबकि परिवार के सदस्य डोंगरगढ़ गए हुए थे। मकान सूना पाकर चोर स्कूटी से पहुंचे और घर में प्रवेश कर अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवर समेत 1 लाख रुपए से अधिक का मशरूका लेकर फरार होने लगे।
इसी दौरान घर से आ रही तोड़फोड़ की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों को चोरों की मौजूदगी का पता चला। ग्रामीणों के शोर मचाने पर चोर घबराकर मौके से भाग निकले, लेकिन अपनी स्कूटी वहीं छोड़ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से भी आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस स्कूटी के रजिस्ट्रेशन और चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



